नवादा में स्टेडियम और एआरटीओ कार्यालय को हरी झंडी
-एसडीएम के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को किया निरीक्षण
-एआरटीओ कार्यालय के लिए संकरे रास्ते को लेकर होगा विचार
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। स्टेडियम और एआरटीओ कार्यालय को लेकर सारी अटकलें समाप्त हो चुकी हैं। अब इन दोनों का ही निर्माण गांव नवादा में पड़ी सरकारी भूमि में किया जाएगा। बृहस्पतिवार को एसडीएम के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों ने इस भूमि का निरीक्षण करने के बाद अंतिम सहमति पर मोहर लगा दी। इस संबंध में डीएम को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
जिले में स्टेडियम और एआरटीओ कार्यालय के निर्माण को लेकर पिछले लंबे समय से प्रशासन को भूमि की तलाश थी। इस संबंध में बुधवार को डीएम ने बैठक के बाद इस भूमि का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए थे। बृहस्पतिवार को एसडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में क्रीड़ा अधिकारी राजेश पाल व एआरटीओ कार्यलय की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की। नवादा में कुल 69050 वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध है। क्रीड़ा अधिकारी ने इस भूमि पर स्टेडियम बनाने पर सहमति जारी कर दी। हालांकि एआरटीओ कार्यालय की टीम ने रास्ता संकरा होने की बात कहते हुए शंका जाहिर की। जिसके बाद एसडीएम ने कहा कि इस समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। इसके बाद दोनों ही विभागों ने सहमति जारी कर दी। एसडीएम इस संबंध में डीएम को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
एसडीएम डा. अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नवादा की ही भूमि पर स्टेडियम और एआरटीओ कार्यालय के साथ टेस्ट ड्राइविंग ग्राउंड और संबंधित भवन बनाए जाएंगे। इस संबंध में वे अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेंगे।