साहब ने बताकर किया निरीक्षण, इनाम भी बांटा
हापुड़। पहले से निरीक्षण पर आने की सूचना पर सतर्क बैठे कुछ अफसरों को नोडल अधिकारी ने इनाम देकर पीठ थपथपाया। दरअसल, महिला कल्याण विभाग के सचिव व जिले के नोडल अधिकारी संतोष कुमार यादव ने सोमवार को कोतवाली, तहसील, टियाला गांव का निरीक्षण किया। हालांकि इस निरीक्षण कार्यक्रम के बारे में अफसरों को पहले से पता था इसलिए सब कुछ ठीक ठाक मिला। मजे की बात है कि कोतवाली में माल खाने की ठीकठाक हालत देख समस्याओं के निस्तारण पर एसआई को पुरस्कार भी मिला।
सोमवार को नोडल अधिकारी संतोष कुमार यादव हापुड़ पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने हापुड़ कोतवाली का निरीक्षण किया। कोतवाली में साफ सफाई की व्यवस्था के साथ दस्तावेजों की जांच की। माल खाने की स्थिति पर खुश होकर उन्होंने दो हजार के पुरस्कार की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने रजिस्टर से एक शिकायती का नंबर निकालकर उससे फोन पर बात की। शिकायतकर्ता से उसकी शिकायत के निस्तारण के बारे में पूछा गया तो शिकायत कर्ता महिला ने संतुष्टि जाहिर की, जिस पर सिकंदरगेट चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह को एक हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। उन्होंने साफ सफाई के बारे में अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया।
इसके बाद वह टियाला स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमें शिक्षा और स्वच्छता को लेकर जागरूक होना चाहिए। इस दौरान नोडल अधिकारी ने टियाला में बीडीओ ज्योति बाला द्वारा प्राथमिक स्कूल के सौंदर्यीकरण के लिए प्रशंसा की। नोडल अधिकारी ने सभी स्कूलों को इसी प्रकार विकसित करने के आदेश दिए। उन्होंने गांव में 25 अक्टूबर को विधवा पेंशन शिविर व 20 सितंबर को राशन शिविर लगाये जाने की घोषणा की।
इस दौरान डीएम कृष्णा करुनेश, सीडीओ दीपा रंजन, एसपी हेमंत कुटियाल, बीडीओ ज्याति बाला, परियोजना निदेशक प्रमोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी दुष्यंत कुमार, डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।