चार दिन तक कांवड़ियों के कब्जे में रहेगा एनएच 24
नेशनल हाईवे-24 सोमवार सुबह से चार दिन तक कांवड़ियों के हवाले रहेगा। सावन का सोमवार और शिवरात्रि के चलते कांवड़ियों का आना शुरू हो गया है।
इनकी तादात बढ़ने पर सुरक्षा के चलते रविवार शाम से हाईवे को वन वे कर दिया गया है। हाईवे पर एक साइड कांवड़िए चलेंगे और दूसरी साइड से होकर हल्के वाहनों का धीमी गति से संचालन कराया जाएगा।
भारी वाहनों का संचालन सख्ती से रोक दिया गया है। इनको अन्य रूट से होकर निकाला जाएगा। हाईवे के साथ ही मेरठ और स्याना मार्ग पर भी वाहनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
सावन मास की कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने व्यापक बंदोबस्त किए हैं। जिसके चलते माल वाहक वाहनों का संचालन रविवार शाम से रोक दिया गया है।
इनको हाईवे से हटाकर वैकल्पिक रास्तों से होकर निकाला जा रहा है। मुरादाबाद की तरफ जाने वाले नेशनल हाईवे की एक साइड पर 21 जुलाई की दोपहर तक भगवा रंग का कब्जा रहेगा।
इस दौरान एक साइड में सिर्फ कांवड़िए ही चल पाएंगे। जिससे अन्य कोई इस साइड में नहीं चलेगा। वहीं मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली साइड पर दोपहिया वाहन, रोडवेज बस और कार जैसे छोटे वाहन ही आ जा सकेंगे।
सुरक्षा के चलते छोटे वाहन भी महज 30 किलोमीटर की रफ्तार से ही चल पाएंगे। डीएसपी संतोष मिश्रा और इंस्पेक्टर दीपक त्यागी ने बताया कि शिवरात्रि व सावन के सोमवार के चलते हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है।
हाईवे की एक साइड कांवड़ियों को आरक्षित कर दी गई है। दूसरी साइड पर रोडवेज बस व छोटे यात्री वाहन ही आ जा सकेंगे।
शिवरात्रि के बाद सावन के शेष तीनों सोमवार के मद्देनजर भी हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रखा जाना है। इसके साथ ही मेरठ रोड और स्याना-बुलंदशहर रोड पर भी वाहनों का संचालन प्रभावित रहेगा।