हापुड़। तापमान बढ़ने से बिजलीघर हांफने लगे हैं, 11 हजार के स्थान पर 10500 तक वोल्टेज मिल रहे हैं। बुधवार को गर्मी के दौरान जिलेभर में 70 से अधिक स्थानों पर फाल्ट हुए। इन्हें ठीक करने के लिए बार-बार फीडर बंद करने पड़े। अप्रैल महीने में ही तापमान 40 डिग्री छूने को तैयार है। अगले कुछ महीने भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा, ऐसे में बिजली संकट झेलना पड़ सकता है। जिले में निर्बाध सप्लाई के लिए रिवैंप और बिजनेस प्लान में करोड़ों रुपये से ऊर्जीकरण का कार्य चल रहा है। लेकिन गर्मी की शुरूआत में ही बिजलीघर लो वोल्टेज से जूझने लगे हैं। आलम यह है कि पिछले सात दिन में बिजलीघरों को वोल्टेज 11 हजार से घटकर 10500 तक रह गए हैं। इसका असर पूरे शहर की सप्लाई पर पड़ रहा है, मशीनों पर अधिक भार है। तापमान बढ़ने से इसुलेटिड वायर में फाल्ट होने लगे हैं। बुधवार को दिल्ली रोड, अतरपुरा, पटना मुरादपुर, मोदीनगर रोड, रामपुर रोड, प्रीत विहार से जुड़े शहरी इलाकों में कई बार फाल्ट हुए। इन बिजलीघरों पर 70 से अधिक शिकायतें दर्ज कराई गई।
-इन मोहल्लों में हुए फाल्ट-
अर्जुननगर, रघुवीर गंज, आर्यनगर, पीरबाउद्दीन, मोहल्ला खाई, सिकंदरगेट, कोटला मेवतियान, कोटला सादात, पुराना बाजार, प्रेमपुरा, शिवपुरी, त्यागीनगर, इंद्रगढ़ी, पन्नापुरी, इंद्रलोक, न्यू आलोक, तगासराय, फूलगढ़ी, शिवपुरी, राजीव विहार, गणेशपुरा, साकेत में कई स्थानों पर फाल्ट की शिकायतें दर्ज करायी गई।
-
-जून महीने में सताएगा ट्रिपिंग-
इन दिनों दोपहर का तापमान ही सबसे अधिक है, सुबह शाम का तापमान काफी नीचे आ जाता है, ऐसे में बिजलीघरों के फीडर ट्रिपिंग से बच रहे हैं। जून महीने में एकाएक तापमान में बढ़ोत्तरी होने से फीडरों की ट्रिपिंग भी बढ़ेगी, इसके लिए बिजलीघरों को तैयार किया जा रहा है।
-ट्रांसफॉर्मर में तेल मापने का कार्य शुरू-
गर्मी में जिन ट्रांसफार्मरों के अंदर तेल कम रहता है या लीकेज है। ऐसे ट्रांसफार्मरों के खराब होने का खतरा अधिक रहता है। अधिकारियों ने ट्रांसफार्मरों में तेल का स्तर मापने के निर्देश टीमों को दे दिए हैं।
-
-शहर, देहात को मिल रही निर्बाध सप्लाई-
निर्बाध सप्लाई देने की तैयारी लगभग पूरी है, अनुरक्षण का कार्य भी लगातार हो रहा है। बिजनेस प्लान से विद्युतीकरण में काफी सुधार हुआ है। उपभोक्ताओं को गर्मियों को भरपूर सप्लाई मिलेगी।अवनीश कुमार, अधीक्षण अभियंता।
जतिन त्यागी १७एचपीआर