हापुड़ बार एसोसिएशन चुनाव
हापुड़। हापुड़ बार एसोसिएशन के चुनाव में शनिवार को अधिवक्ताओं ने बढ़ चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदों के लिए प्रत्याशियों के बीच निर्णायक जंग में कुल 830 मतदाताओं में 775 अधिवक्ताओं ने वोट डाले। मतदान के दौरान कचहरी परिसर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।
चुनाव के दौरान शुक्रवार को अध्यक्ष पद पर धर्मपाल सिंह तोमर और ऋषिपाल वरुण, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अनाम सिंह, बीनू जैन के बीच मुकाबला हुआ। सचिव पद पर संदीप कुमार त्यागी और मोहम्मद शाहिद के बीच, सह सचिव प्रशासन पद पर संजीव कुमार, उदित कुमार और सौरभ कुमार गौड़ , सह सचिव पुस्तकालय के पद पर बबलू कुमार सैनी और अमरेश कुमार, कोषाध्यक्ष पद पर अजय सैनी और नवनीत सहलौत के लिए मतदान हुआ।
सुबह नौ बजे शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चला। हालांकि बीच में लंच का समय भी दिया गया। मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बूथ पर अधिवक्ताओं के पहुंचने का सिलसिला लगना शुरू हो गया। अधिवक्ताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान के दौरान कुछ अधिवक्ताओं द्वारा किसी बात को लेकर हंगामा भी हुआ, लेकिन कुछ ही देर में शांतिपूर्वक मतदान दोबारा शुरू हो गया।
चुनाव को लेकर उम्मीदवारों ने वोटिंग शुरू होने के पहले से लेकर अंतिम समय तक लुभाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी। उम्मीदवार बूथ के बाहर खड़े होकर मतदान करने जा रहे अधिवक्ताओं से हाथ जोड़कर अपने नाम के आगे मुहर लगाने की अपील करते रहे।
शाम को मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू हो गयी। समाचार लिखे जाने तक मतगणना जारी थी। प्रत्याशियों के समर्थक परिणाम जानने के लिए कचहरी परिसर में ही मौजूद रहे। चुनाव अधिकारी टीडी वर्मा, सहायक चुनाव अधिकारी गजेंद्र सिंह व सुमित सिंह ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से निपट गया।
सुरक्षा रही चाक-चौबंद --
बार एसोसिएशन के चुनाव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मियों की व्यापक तैनाती की गई थी। कचहरी गेट के बाहर से लेकर कैंपस में चारों तरफ और बूथ के बाहर सिपाही चौकसी बरत रहे थे। मतदान के बाद मतगणना के दौरान भी पुलिसकर्मी तैनात रहे। कुल मिलाकर शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न होने पर सभी ने राहत की सांस ली।