उड़न दस्ते ने कार से जब्त किए 2.45 लाख रुपये
हापुड़। चुनाव से पहले जिले की पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना हो गई है। सोमवार को उड़न दस्ते ने जांच के दौरान एक कार से 2.45 लाख रुपये बरामद किए। मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने जांच की लेकिन कार सवार रुपयों के संबंध में दस्तावेज नहीं दिखा सके। जिसके बाद धनराशि को जब्त कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर उड़न दस्ते में शामिल अधिकारियों की टीम ततारपुर बाईपास पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार से 2.45 लाख रुपये बरामद हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम सत्य प्रकाश और सीओ राजेश कुमार ने जांच की, लेकिन कार सवार धनराशि को लेकर दस्तावेज नहीं दिखा सके। जिसके बाद कार को रुपये सहित देहात थाने ले जाया गया। एसडीएम ने बताया कि कार सवार हापुड़ से बरेली जा रहे थे। फिलहाल धनराशि को मालखाने में रखवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस धनराशि को फिलहाल सीज कर दिया गया है। डीएम के समक्ष संबंधित धनराशि के कागजात दिखाये जाने के बाद उनके प्रत्यावेदन के बाद इस धनराशि को रिलीव कर दिया जाएगा।