अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में हुई हड़ताल
गढ़मुक्तेश्वर। सीतापुर में अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रांतीय आहवान पर गढ़ बार एसोसिएशन के अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। जिसके चलते मुकदमों की पैरवी समेत जरूरी कामकाज से आए वादकारियों को बैरंग लौटना पड़ा।
गढ़ बार हॉल में बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन की बैठक हुई। जिसमें एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी अमर पाल सिंह ने कहा कि सीतापुर में पुलिस-प्रशासन द्वारा गिरफ्तारी कर अधिवक्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रांतीय आहवान पर सीतापुर बार एसोसिएशन द्वारा आंदोलन किया जा रहा है। जिसका गढ़मुक्तेश्वर बार एसोसिएशन पूरी तरह समर्थन करता है। जिसके बाद अधिवक्ताओं ने कामकाज बंद कर हड़ताल की घोषणा कर दी। इस मौके पर राजेंद्र सिंह चौहान, मुकेश शर्मा, निरंजन सिंह, फरहान खान, पवन कंसल, मोहित गुप्ता, बलराज त्यागी, सुबोध त्यागी, महताब अली, अवनीश, विकास गुप्ता, राजकुमार चौधरी, हेमंत गौड, सीएस यादव, सुरेंद्र नागर, सतेंद्र चौधरी, ओमपाल मावी समेत दर्जनों अधिवक्ता शामिल रहे।