युवक को बंधक बनाकर 22 बकरी लूटी
गढ़मुक्तेश्वर। गांव पसवाड़ा के जंगल में बकरी चरा रहे युवक को बंधक बनाकर बदमाशों ने 22 बकरियां लूट ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पसवाड़ा निवासी काले बकरियां पालकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। बुधवार की शाम करीब पांच बजे वह अपनी 22 बकरियों को जंगल में चराने के लिए लेकर गया था। देर शाम एक मिनी ट्रक उसके पास आकर रुका, जिसमें मौजूद दो बदमाशों ने उसे अपने पास बुलाया। जिन्होंने उसे पकड़कर पास के एक बाग में पेड़ से बांध दिया और मारपीट की। बदमाश शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बकरियों को मिनी ट्रक में लाद कर भाग निकले। करीब दो घंटे बाद वहां से गुजर रहे किसानों की उस पर नजर पड़ी, जिन्होंने उसे बंधन मुक्त कराया। जिसके बाद घर पहुंचकर काले ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। वहीं इंस्पेक्टर विशाल श्रीवास्तव का कहना है कि काले नशा करने का आदी है, जो नशे की हालत में सो गया था। इसी बीच चोर बकरियां चुरा कर ले गए। मामले की जांच की जा रही है।