अब प्रधान डाकघर में बनेंगे आधार कार्ड
हापुड़। बुलंदशहर रोड स्थित प्रधान डाकघर में अब जिलेवासियों को आधार कार्ड बनाने की सौगात मिलेगी। मंगलवार को क्षेत्रीय सांसद व विधायक ने आधार नामांकन एवं अधतन केंद्र काउंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान नवनिर्मित केंद्र पर पहला आधार कार्ड बनवाने वाली तीन साल की बच्ची को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि सरकार का यह सराहनीय कार्य है। अब लोगों को आधार कार्ड बनवाने के लिए पैसे भी खर्च नहीं करने होंगे। इस काउंटर के खुलने से आम जनता को राहत मिलेगी। क्योंकि लोगों को आधार कार्ड बनवाने के लिए घंटों-घंटों लाइन में लगना पड़ता है। विधायक विजयपाल आढ़ती व नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत ने कहा कि आधार कार्ड की अनिवार्यता से आम जनता को काफी लाभ मिला है। डाकघर में सुविधा शुरू होने से लोग आसानी से नए आधार कार्ड बनवा सकेंगे। इस दौरान तीन वर्षीय बच्ची अवनी सिंह को सबसे पहले आधार कार्ड बनवाए जाने पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। डाक विभाग की एसएसपी प्रियंका मिश्रा व प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर एस. एन गुप्ता ने बताया कि केंद्र पर नवीन आधार कार्ड बनवाने के लिए लोगों से कोई पैसा वसूल नहीं किया जाएगा। आधार कार्ड में संशोधन के लिए विभाग द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नवीन आधार कार्ड बनवाने के लिए पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, बैंक अथवा डाकघर पासबुक की छाया प्रति आवेदन पत्र के साथ जमा करने होंगे। इस अवसर पर प्रवीन सेठी, आबिद नवी, मूलचंद त्यागी, सभासद योगेंद्र पंडित, राजीव, उमेश अग्रवाल, लोकेंद्र मौजूद रहे ।