कंपकंपी के साथ आ रहे बुखार से पशुपालक परेशान
- पशु स्वास्थ्य विभाग से की गांव में कैंप लगवाने की मांग
- इनायतपुर गांव में है काफी संख्या में पशु बीमार
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। गर्मी और बरसात के सीजन में कहर मचाकर दर्जनों पशुओं को मौत की नींद सुलाने वाली फैली बीमारी अब गंगा खादर के गांवों में पांव पसार रही है। पशुओं में कंपकंपी के साथ आने वाले बुखार को लेकर पशु पालक चिंतित है। पशुपालकों ने पशु स्वास्थ्य विभाग से गांव में कैंप लगाने की मांग की है।
गर्मी और बरसात के सीजन में गढ़, ब्रजघाट, बहादुरगढ़, सिंभावली, नानपुर, झड़ीना क्षेत्र में रहस्यमई बीमारी ने दर्जनों पशुओं को मौत की नींद सुला दिया था। इनायतपुर में कृष्ण, श्यामु, निरंजन समेत कई ग्रामीणों के दस से भी अधिक मवेशी बीमार चल रहे हैं। जिससे ग्रामीणों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। नौबत, हरिसिंह, मेवाराम, बलबीर ने कमिश्नर को पत्र भेजकर गांवों में कैंप लगाकर बीमार पशुओं का परीक्षण और दवाओं का नियमित वितरण कराने की मांग की है।
डिप्टी सीवीओ वीरसिंह का कहना है मौसम में बदलाव होने से पशुओं की बीमारी तेजी के साथ थमी है, लेकिन अगर इसके बाद भी किसी गांव में बीमारी पांव पसार रही है तो फिर वहां टीम भेजकर पशुओं का परीक्षण और जरूरी दवाओं का वितरण कराया जाएगा।