अब रिटायर्ड टीटीई भी करेंगे ट्रेनों में टिकटों की चेकिंग
अब जल्द ही रिटायर्ड टीटीई (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) दोबारा से ट्रेनों में टिकटों की चेकिंग करते दिखाई देंगे। क्योंकि रेलवे विभाग ने इनकी कमी दूर करने के लिए रिटायर्ड टीटीई की दोबारा से तैनाती करने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत मुरादाबाद मंडल में 150 रिटायर्ड टीटीई रखे जाएंगे।
पिछले काफी समय से रेलवे विभाग टीटीई की कमी से जूझ रहा है। इसके चलते एक टीटीई पर ही पूरी ट्रेन की जिम्मेदारी सौंप दी जाती है और वह पूरी ट्रेन में यात्रियों के टिकट की चेकिंग नहीं कर पाते।
इसके अलावा कई ट्रेनों में तो टीटीई ही नहीं होते। इससे विभाग को राजस्व की काफी हानि पहुंचती है। इसको देखते हुए अब रेलवे विभाग ने रिटायर्ड टीटीई से दोबारा काम लेने का निर्णय लिया है।
मुरादाबाद मंडल में 150 रिटायर्ड टीटीई को दोबारा ट्रेनों में टिकट चेकिंग करने का मौका मिलेगा। इनसे दो वर्ष तक काम लिया जाएगा। 62 वर्ष से अधिक आयु वाले रिटायर्ड टीटीई को दोबारा मौका नहीं मिल सकेगा।
डीआरएम मुरादाबाद अजय कुमार सिंहल ने बताया कि रेलवे ने मंडल में 150 रिटायर्ड टीटीई को दोबारा से तैनात करने का निर्णय लिया है। हापुड़ स्टेशन पर भी टीटीई स्टाफ बढ़ेगा, लेकिन इसके लिए अभी संख्या निर्धारित नहीं की गई है।