दो भाईयों से घर में घुसकर मारपीट
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मुक्तेसरा में कुछ युवकों ने दो भाईयों के साथ घर में घुसकर जमकर मारपीट की। जिसमें दोनों घायल हो गए। पीड़ित पिता ने गांव के ही पांच युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करायी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव मुक्तेसरा निवासी जगत सिंह पुत्र बालक राम ने बताया कि उसके पुत्र अवनीश और सुमित का गांव के ही कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस मामले में शुक्रवार को गांव के इन युवकों ने उसके दोनों पुत्रों को घर में घुसकर घेर लिया। इन युवकों ने उनके साथ गाली गलौंच शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गयी। युवकों ने उसके पुत्रों को जमकर पीटा। इसके बाद सभी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित पिता ने गांव के ही निशांत, मोनू, सुमित, कालू व अरुण के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।