मकान और दुकान के ताले तोड़कर लाखों की चोरी
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र की सैफी कॉलोनी निवासी इशरत जहां ने शनिवार को थाने में तहरीर दी है, जिसका कहना है कि शुक्रवार को वह परिजनों के साथ एक रिश्तेदारी में जनपद मेरठ के कस्बा किर्ठोर गई थी। शनिवार की सुबह मेन गेट का ताला टूटा देखकर पड़ोसियों ने उसे सूचना दी।
पीड़िता का कहना है कि चोरों ने कमरों के भी ताले तोड़कर सेफ में रखी 50 हजार रुपये की नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिए। बताया कि चोरी किए गए सामान की कीमत दो लाख रुपये के करीब है। वहीं क्षेत्र के गांव बक्सर में ढाना रोड पर स्थित आजाद की मोटर बाईडिंग की दुकान के ताले तोड़कर चोरों ने इंवर्टर, दो बैट्री, सात मोटर, 50 किलो कॉपर तार समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। दोनों पीड़ितों ने थाने में तहरीर देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसओ नीरज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों मामलों की जांच करते हुए चोरों की तलाश की जा रही है।