ट्रेन से कटे पांच गोवंश, बाधित रहा ट्रैक
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के गांव श्यामपुर ददायरा के पास मंगलवार रात गढ़वाल एक्सप्रेस की चपेट में आने से पांच गोवंशों की मौत हो गई। इस दौरान गोवंशों के शरीर का कुछ हिस्सा ट्रेन के इंजन में अटक गया। इस कारण करीब बीस मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंच गई। गोवंशों के अवशेष पड़े होने के कारण ट्रैक भी बाधित रहा। इस कारण कई ट्रेनें प्रभावित भी हुई।
मंगलवार रात करीब पौने नौ बजे गढ़वाल एक्सप्रेस दिल्ली की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन गांव श्यामपुर ददायरा के समीप पहुंची तो ट्रैक पर अचानक पांच गोवंश सामने आ गए। ट्रेन की गति तेज होने के कारण सभी गोवंश ट्रेन की चपेट में आ गए जिससे उनकी मौत हो गई। इस दौरान गोवंशों का कुछ हिस्सा ट्रेन में फंस गया। फंसे हिस्से को निकालने और ट्रेन को साफ कराने के लिए ट्रेन को रोक दिया गया।
सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और पटरियों को साफ करने का कार्य रेलवे ने शुरू किया। करीब चालीस मिनट तक सफाई के बाद ट्रेनों का संचालन किया गया। स्टेशन अधीक्षक मुनीराम मीना ने बताया कि ट्रैक पर सफाई और जांच के कारण नौचंदी एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी भी देरी से रवाना हुई।