ट्रक ने आटो को रौंदा, एक की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-मेरठ रोड पर बेलगाम ट्रक ने आटो को टक्कर मार दी, जिससे आटो में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आटो चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें चिकित्सकों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है।
गढ़ में मेरठ रोड पर शुक्रवार की देर शाम करीब पौने सात बजे शाहपुर मोड पर गढ़ की तरफ से मेरठ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे आटो को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक आटो को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। ट्रक और आटो की भिड़ंत में गांव सरूरपुर निवासी मोहम्मद जाहिद (40 वर्ष ) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक पप्पू निवासी गांव हशूपुर समेत आटो में सवार हसरत निवासी वैट और नूर मोहम्मद निवासी किठौर जनपद मेरठ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ने ट्रक समेत भागने की कोशिश की, लेकिन राहगीरों ने पुलिस को सूचना देते हुए उसे दबोच लिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने तीनों को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।
इंस्पेक्टर एनके सिंह ने बताया कि मृतक के पास मौजूद डायरी के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई, जिसके बाद उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। ट्रक और क्षतिग्रस्त आटो को कब्जे में लेते हुए ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।