सत्याग्रह एक्सप्रेस में गोंडा निवासी व्यक्ति की मौत
हापुड़। दिल्ली के एक अस्पताल से उपचार करवा कर सत्याग्रह एक्सप्रेस से जिला गोंडा के थाना कटरा बाजार लौट रहे एक व्यक्ति की मौत ट्रेन में हो गई। हापुड़ स्टेशन पर परिजनों ने उतरकर जीआरपी को सूचना दी। हालांकि शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही परिजन शव को लेकर लौट गए।
जिला गोंडा थाना कटरा बाजार क्षेत्र के गांव बगरैहतबहारा निवासी 40 वर्षीय गंगाराम पुत्र रामदीन का पिछले काफी समय से दिल्ली स्थित एक अस्पताल में उपचार चल रहा था। शनिवार सुबह उसका भतीजा मुंशीलाल उसे उपचार के लिए दिल्ली लेकर आया था।
उपचार के बाद दोनों आनंद विहार रेलवे स्टेशन दिल्ली से सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन से सवार होकर वापस गोंडा लौट रहे थे। वापस लौटते समय गंगाराम की हालत अचानक बिगड़ गई। ट्रेन के हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचने से कुछ दूर पहले ही गंगाराम ने दम तोड़ दिया। ट्रेन के स्टेशन पर रुकने के बाद मृतक के भतीजे ने जीआरपी को मामले की सूचना दी। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर परिजन को फोन कर मामले की जानकारी दी।
जीआरपी थाना प्रभारी नकुल चौधरी ने बताया कि सूचना के बाद हापुड़ स्टेशन पहुंचे परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। साथ ही परिजन शव को लेकर अपने गंतव्य को लौट गए।