अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय पर जड़ा ताला
हापुड़। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर हापुड़ के अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी है। मंगलवार को अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय पर ताला जड़ दिया। इसके बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
हाईकोर्ट बैंक की मांग के समर्थन में हापुड़ बार एसोसिएशन सोमवार से हड़ताल पर है। इस दौरान अधिवक्ता कचहरी परिसर में धरने पर भी बैठे हैं। मंगलवार को अधिवक्ता रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे और यहां ताला जड़ दिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष यूसुफ कुरैशी ने कहा कि हाईकोर्ट बैंच की मांग पिछले 40 वर्षों से की जा रही है, लेकिन सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों की मांग को नजरअंदाज कर रही है। मांग पूरी न होने पर जन आंदोलन किया जाएगा। धरने का संचालन करते हुए सचिव भोपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि महाराष्ट्र देश का सबसे छोटा प्रदेश है, वहां पहले से ही दो हाईकोर्ट बैंच हैं। इसके बाद भी वहां हाईकोर्ट बैंच की घोषणा से यहां की उपेक्षा की गई है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान अधिवक्ताओं ने क्रमिक अनशन रखते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान पुरुषोत्तम वर्मा, सतेंद्र गौद, अभिलाष सिंह, अनिल सिसौदिया, शिव कुमार शर्मा, अजीत चौधरी, मुकेश शर्मा, उमर कुरैशी, दिनेश चंद शर्मा, केपी सिंह, रमेश चंद्रा, अनिल आजाद, नरेंद्र सिंह मान, हरीश शर्मा, वेद प्रकाश आदि उपस्थित थे।