आज फ्रीगंज रोड पर लगेगी साप्ताहिक पैठ
हापुड़। नगर पालिका परिषद की ओर से गोल मार्केट से पैठ हटाने के बाद इसे राम लीला मैदान में लगाने के आदेश दिए गए थे। इस पर पैठ लगाने वालों ने इसका विरोध किया था। उसके बाद नगर पालिका के आदेश पर अब साप्ताहिक पैठ फ्रीगंज रोड पर लगेगी।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत ने शहर में जाम की स्थिति को देखते हुए गोल मार्केट में पिछले कई वर्षों से लगने वाली पैठ को राम लीला मैदान में स्थानांतरित कर दिया था। उसके बाद से इसका दुकानदारों द्वारा विरोध किया जा रहा था। हालांकि कुछ लोगों का कहना था कि पैठ में आने वाले दुकानदार कम बल्कि इन दुकानदारों को किराये पर तख्त देने वाले लोग नहीं चाहते थे कि रामलीला मैदान में पैठ लगे, क्योंकि उनका धंधा चौपट हो गया था। यही लोग कुछ दुकानदारों को साथ लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे तथा कई बार इसे लेकर विरोध प्रदर्शन भी किए। उस समय नगर पालिका परिषद ने निर्णय नहीं बदला था। अब एक बार फिर नगर पालिका परिषद ने अपने निर्णय को बदलते हुए साप्ताहिक पैठ को फ्रीगंज रोड पर ज्ञान लोक के बाहर खाली पड़ी भूमि में लगाने के आदेश दिये हैं।
18 फरवरी को लगने वाली पैठ से ही यह आदेश लागू कर दिये गए हैं। अधिशासी अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद ने बताया कि काफी सोच समझकर यह निर्णय लिया गया है। इससे जाम से राहत मिलेगी।
विवादित भूमि पर कैसे लगेगी पैठ
ज्ञानलोक के सामने खाली पड़ी जमीन काफी समय से विवादित है। इसका कारण यह है कि कुछ लोग इसे लगातार सेना के पड़ाव की जमीन बताते रहे हैं। जबकि कुछ लोगों ने इस जमीन को प्राइवेट भूमि मानते हुए बैनामे करा रखे हैं। ऐसे में इस जमीन पर पैठ कैसे लगेगी, इसको लेकर सवाल उठने लगे हैं।