बारिश से जिले में रातभर रहा ब्लैक आउट
हापुड़। बारिश के कारण जिले में बिजली व्यवस्था चरमराने से सोमवार रात जिले में ब्लैक आउट रहा। देहात अंचल के अधिकांश बिजलीघर ठप पड़े रहे। शहरी क्षेत्र में भी दर्जनों स्थानों पर फाल्ट से मोहल्लों की आपूर्ति बाधित रही। निगम कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद फाल्ट को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की।
सोमवार दोपहर के बाद मौसम ने करवट बदला। पूरी रात बारिश होती रही जिस कारण देहात अंचल में जंगलों के बीच के गुजर रही विद्युत लाइनों में फाल्ट के कारण अधिकांश बिजलीघर ठप हो गए। इससे रातभर गांवों में ब्लैक आउट रहा। ग्रामीणों को अंधेरे के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहरी क्षेत्र में भी दर्जनों स्थानों पर लाइनों में फाल्ट हो गए। सुबह 9 बजे बारिश होने के कारण फाल्टों को दुरुस्त नहीं किया जा सका। बारिश रुकने पर कर्मियों ने फाल्ट को दुरुस्त कराया। कई गांवों की आपूर्ति तो दोपहर बाद ही सुचारू हो सकी।
अधिशासी अभियंता सुनील कुमार का कहना है कि बारिश के कारण लाइनों में फाल्ट के कारण यह समस्या बनी थी जिन्हें दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
-देहात अंचल के अधिकांश बिजलीघर रहे ठप
-शहरी क्षेत्र में दर्जनों स्थानों पर हुए फाल्ट
-बिजली कर्मियों के व्यवस्था बनाने में छूटे पसीने