काठीखेड़ा गन्ना क्रय केंद्र पर
घटतौली, किसानों का हंगामा
हापुड़। गांव काठीखेड़ा के गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली का आरोप लगा किसानों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंचे जिला गन्ना अधिकारी के निरीक्षण में भी घटतौली पकड़ में आई। इस बारे में डीसीओ ने रिपोर्ट गन्ना निरीक्षक एवं सहायक चीनी आयुक्त मेरठ को प्रेषित कर दी है।
गांव काठीखेड़ा में ब्रजनाथपुर शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र लगा हुआ है। बुधवार को गन्ना लेकर पहुंचे किसानों को घटतौली का शक हुआ। उसके बाद तोल लिपिक से संतोषजनक जवाब न मिलने पर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया।
इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर उसका निरीक्षण किया। इस दौरान घटतौली मिली, उन्होंने किसानों को कार्रवाई का आश्वासन दिलाकर शांत करवाया। डीसीओ ने गन्ना निरीक्षक एवं सहायक चीनी आयुक्त को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट प्रेषित कर दी है।
जिला गन्ना अधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि निरीक्षण में घटतौली मिली है। किसानों की समस्या को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रोजाना तोल चलाने के भी निर्देश दिए।