पहले दिन दंगल में पहलवानों ने दिखाया दम
हापुड़। कुचेसर रोड चौपला पर महात्मा गंगा दास की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय विराट दंगल के पहले दिन विभिन्न पहलवानों ने अपने दमखम दिखाये। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुुंचे लोगों ने दंगल का आनंद लिया।
बृहस्पतिवार को दो दिवसीय दंगल का प्रारंभ हो गया। इस दंगल में अन्य राज्यों के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भाग लेंगे। सबसे बड़ी कुश्ती एक लाख 51 हजार की भारत केसरी कृष्ण कुमार व हिंद केसरी जोगेंद्र के बीच होगी। इस दंगल की शुरूआत सात वर्ष पहले हुई थी। तभी से यह दशहरा पर्व पर निरंतर आयोजित किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को समिति के पदाधिकारियों ने महिला पहलवानों के हाथ मिलाकर कुश्ती का शुभारंभ कराया। पहले दिन 57, 65 व 74 किलोवर्ग में महिला पुरुषों की 60 कुश्तियां आयोजित हुई। इनमें यूपी केसरी कपिल धामा की कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही।
इस दौरान बड़ी संख्या में कुश्ती देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। दंगल कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को पदम श्री व अर्जुन अवार्ड से सम्मानित, दो बार ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक पवन वीर सिंह, इंदिरा सिंह, अमित चौधरी, मुकेश त्यागी, असलम पहलवान, प्रदीप त्यागी, प्रदीप चौधरी, चौकी प्रभारी संजीव बालियान, मंजीत सिंह, बिल्लू आदि मौजूद रहे।