हाइवे पर लगे दर्जनों अवैध यूनिपोल हटवाए
- एनएचएआई के पीडी की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
- बिना नोटिस दिए यूनिपोल हटवाने पर ठेकेदारों ने किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के आदेश पर हाइवे पर लगे अवैध यूनिपोल को हटवाने के लिए सोमवार को अभियान चलाया गया। अभियान के तहत निजामपुर बाईपास के पास लगे दर्जनों अवैध यूनिपोल हटाए गए। हालांकि इस दौरान होर्डिंग ठेकेदारों ने भी जमकर हंगामा किया। ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना नोटिस दिए ही उनके यूनिपोल हटाने के बजाय काटे जा रहे हैं, जो गलत हैं।
प्रचार प्रसार के माध्यम बने यूनिपोल व होर्डिंग को लेकर नगर पालिका, एनएचएआई व प्राधिकरणों द्वारा नियम बनाए गए हैं। लेकिन हाइवे पर बिना नियम के अवैध यूनिपोल व होर्डिंग लग रहे हैं। हापुड़ से लेकर गढ़ व पिलखुवा के बीच हजारों अवैध यूनिपोल व होर्डिंग लगे हुए हैं, जिनकी एनएचएआई से भी कोई अनुमति नहीं ली गई है। इनसे सरकार को तो राजस्व का चूना लगता ही है वहीं सड़कों पर दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। निजामपुर बाईपास पर भी दर्जनों अवैध यूनिपोल व होर्डिंग्स लगे हुए हैं, गत दिनों आई आंधी के दौरान कई यूनिपोल भी गिर गए थे, हालांकि कोई हादसा तो नहीं हुआ लेकिन हाइवे पर जाम लग गया था। अब इन्हें हटवाने के लिए एनएचएआई के पीडी विनय बंसल ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। पीडी ने बताया कि हाइवे पर अवैध यूनिपोल हटवाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए यूनिपोल व होर्डिंग्स ठेकेदारों को भी नोटिस देकर हटवाने के लिए निर्देशित किया गया था। लेकिन जब इन्हें नहीं हटाया गया तो विभाग द्वारा इन्हें हटवाने की कार्रवाई शुरू की गई। वहीं इसी अभियान के तहत निजामपुर बाईपास पर लगे दर्जनों यूनिपोल हटाए गए, हालांकि इस दौरान ठेकेदारों ने हंगामा किया, उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। वहीं जिसे यूनिपोल हटाने के लिए अधिकृत किया गया था, वह सभी यूनिपोल काटकर जब्त करके ले जा रहा था। टीपी नगर चौकी इंचार्ज इफ्तिकार अली ने बताया कि सामान को जब्त कर लिया है बिना अनुमति के कोई यूनिपोल नहीं लगने दिया जाएगा वहीं यूनिपोल काटने वाले व्यक्ति से भी विभाग से लिखित पत्र मांगा गया है।