सरकार की नीतियों के विरोध में बैंकर्स ने जमकर किया प्रदर्शन
हापुड़। वेतन में अल्प वृद्धि की विरोध में बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी बैंकों पर ताले लटके रहे। बैंक कर्मियों ने रेलवे रोड स्थित इंडियन बैंक के बाहर सरकार की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। हड़ताल के चलते दो दिन में करीब 200 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ है। वहीं, ग्राहकों को कामकाज न होने के कारण मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
बैंक अफसर/कर्मचारी वेतन में 15 फीसदी बढ़ोत्तरी की मांग उठा रहे थे, लेकिन वेतन बिल में सिर्फ दो फीसदी बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव रखा गया है। यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के मंत्री एलआर गुप्ता ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में बैंकों का लाभ 15,8972 करोड़ रुपये है। वहीं बैंकों ने खराब ऋणों के प्रावधान के लिए 17,0370 करोड़ रुपये खपा दिए हैं।
इसके चलते 11,388 करोड़ रुपये की हानि बतायी जा रही है। इसी कारण कहा जा रहा है कि बैंक वेतन बढ़ाने के लिए सक्षम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि बैंक अफसर/कर्मचारी कड़ी मेहनत कर बैंकिंग प्रणाली को दुरुस्त रखते हैं, फिर भी वेतन के नाम पर महज दो फीसदी बढ़ोत्तरी की गई है। इसके विरोध में बैंकर्स ने इंडियन बैंक के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। बैंकर्स की हड़ताल के कारण दूसरे दिन भी बैंकों पर ताले लटके रहे। इस दौरान जरूरी कार्य निपटाने के लिए पहुंचने वाले ग्राहकों को खासा परेशान होना पड़ा। दो दिन में करीब 200 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ है। मौके पर प्रदर्शन करने वालों में डीपी सिंह, शेर सिंह, केएस बत्रा, राहुल, आरएस गुप्ता, वेदप्रकाश, सुशील अग्रवाल, सतीश, अजय कुमार, एके धवन, केएस मरतोलिया, हेमंत साहनी, यादकरण, प्रेमदास, ज्ञानप्रकाश, अभिषेक, प्रताप, विक्रम, अलतमस असंारी, कनक, खालिद, सुनील, अभय कुमार, विक्की, मनोज, भोले, पीके गर्ग आदि मौजूद रहे।