नगर पालिका परिषद के टेंडरों में धांधली का आरोप
हापुड़। पालिका परिषद के अधिकारियों पर एक बार फिर टेंडरों में धांधली करने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ताओं ने निविदाओं की तिथि बढ़ाकर गड़बड़ झाले का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत डीएम से की है। डीएम ने मामले में जांच का आश्वासन दिया है।
साक्षी एंटरप्राइजेज के धर्मेंद्र वर्मा, शिव आटोमोबाइल, पारस अनिल एग्रीकल्चर और ओम सांई एग्रीकल्चर की ओर से शिकायत की गई है। उसमें आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका द्वारा हाल ही में कार्य के लिए कुछ वाहनों की खरीदारी व मरम्मत के लिए सात से 14 मार्च और उसके बाद अचानक तिथि बढ़ाकर 14 से 21 मार्च में ऑनलाइन ई-टेंडरिंग के माध्यम से निविदा मांगी गई थी।
इस तिथि को बढ़ाने में नगर पालिका की ओर से खेल किया गया। पालिका द्वारा निविदा डालने के लिए मात्र रिकवरी वैन व हाथ गाड़ी की तिथि बढ़ाई गई और अन्य कार्यों में गुमराह किया गया।
शिकायत में कहा गया है कि इन फर्मों ने निविदाएं ई-टेडरिंग के माध्यम से डाली और इनकी टेक्निकल बिड व इमूवलेशन स्वीकार की और फाइनेंशियल बिड भी खोली। पालिका द्वारा उनकी निविदा निरस्त कर दी गई। आरोप है कि तीन खास फर्मों के स्वामियों के साथ मिलकर सभी कार्य उन्हें ही आवंटित कर दिए गए। जबकि उनकी निविदा को निरस्त कर दिया गया। फर्म के मालिकों ने इन टेंडर को निरस्त कर दोबारा से निविदाएं डालने की मांग की है। डीएम ने मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद ने टेक्निकल मामले की जानकारी होने से इंकार किया है। जबकि मुख्य सफाई निरीक्षक दिलशाद हसन का कहना है कि टेंडर में कोई धांधली नहीं हुई है।