सारी व्यवस्थाएं धड़ाम, नहीं थम रहा जाम
- सोमवार को फिर सुबह से शाम तक लगा भीषण जाम, लोग परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़।
शहर को जाम से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। सोमवार को एक बार फिर व्यवस्थाएं धड़ाम हो गईं, जिसके कारण सुबह से लेकर शाम तक रुक रुककर जाम लगता रहा। जाम से हर कोई परेशान दिखाई दिया। इस दौरान यातायात पुलिस मशक्कत करती नजर आई।
जाम ने शहर वासियों की नाक में दम कर दिया है। सोमवार को भी सुबह से ही जाम लगना शुरू हो गया। दोपहर के समय तो आलम यह था कि शहर में गढ़ दिल्ली रोड पर भयंकर जाम लग गया। दिल्ली रोड पर रामलीला मैदान तक और गढ़ की ओर अतरपुरा चौपला पर वाहनों की कतारें लग गईं। मेरठ तिराहा, तहसील चौपला और बुलंदशहर रोड पर भी वाहनों की लंबी कतार थी। मेरठ रोड स्थित फ्लाई ओवर पर भी वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। शाम के समय शादियों मेें जाने वाले लोग काफी परेशान दिखायी दिए। शहर पार करने में लोगों को घंटों समय लग गया। यातायात प्रभारी योगेंद्र मलिक का कहना है कि शादियों के सीजन के चलते वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण जाम की स्थिति बन रही है। जाम से निजात के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं।