सीएनजी की आड़ में धड़ल्ले से हो रही अवैध वसूली
गढ़मुक्तेश्वर। सीएनजी की आड़ में धड़ल्ले से अवैध वसूली हो रही है। इससे गुस्साए ऑटो चालकों ने विरोध में नारेबाजी कर जांच और कार्रवाई की मांग करते हुए डीएम को पत्र भेजा है।
गढ़ क्षेत्र में गांव अल्लाबख्शपुर के पास फिलिंग स्टेशन पर सीएनजी डलवाने वाले वाहनों की कतार हाईवे तक पहुंचने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। क्योंकि फिलिंग स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारी प्रेशर न होने का झांसा देकर वाहनों को घंटों तक खड़े रखते हैं, लेकिन जो चालक उनकी जेब गरम कर देते हैं, उन्हें नियम ताक पर रखकर वाहनों में सीएनजी भरकर रवाना कर दिया जाता है। इस धांधली से गुस्साए दर्जनों ऑटो चालकों ने बुधवार दोपहर को फिलिंग स्टेशन पर पहुंचकर विरोध में जमकर नारेबाजी की। महेश, सुंदर, नौशाद, सलीम, रिंकल, इरशाद, शाहिद, नदीम, शेरू, निजाम का कहना है कि सीएनजी देने की एवज में एक ऑटो से बीस रुपये की अधिक वसूली की जा रही है, जिसका विरोध करने वाले चालकों को प्रेशर न होने की बात कहकर घंटों तक खड़ा कर परेशान किया जाता है। ऑटो चालकों ने डीएम को पत्र भेजकर सीएनजी की आड़ में हो रही घपलेबाजी की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई समेत फिलिंग स्टेशन का लाइसेंस निरस्त कराने की गुहार लगाई है।
फिलिंग स्टेशन के मैनेजर मिंटू चौहान का कहना है कि रेट से अधिक वसूली का आरोप पूरी तरह निराधार है, इसलिए अगर किसी चालक को कोई शिकायत है तो उसकी समस्या का निराकरण कराया जाएगा। एसडीएम हनुमान प्रसाद मौर्य का कहना है कि निर्धारित रेट से अधिक वसूली होने की शिकायत की जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।