डीआरएम ने रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण
हापुड़। मुरादाबाद मंडल के रेल प्रबंधक एके सिंघल ने बृहस्पतिवार को हापुड़ रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्याें का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे अस्पताल, आरपीएफ बैरक व स्टेशन पर साफ-सफाई का हाल भी देखा। अब 15 दिन बाद उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक स्टेशन का निरीक्षण करेंगे।
बृहस्पतिवार दोपहर डीआरएम एके सिंघल स्पेशल ट्रेन से महरौली से हापुड़ स्टेशन के बीच स्टेशनों का निरीक्षण किया। दोपहर बाद वे हापुड़ स्टेशन पहुंचे। उन्होंने स्टेशन पर फर्नीचर बदलने के कार्य के साथ दूसरे कार्य भी देखे। उसके बाद डीआरएम रेलवे टिकट काउंटर पर पहुंचे जहां उन्होंने यात्रियों से टिकट मिलने में हो रही असुविधाओं के बारे में जानकारी की। वहां से वह रेलवे के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और वहां चल रहे आधुनिकीकरण कार्य का जायजा लिया। वह पैदल ही आरपीएफ बैरक भी पहुंचे और वहां निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान माल गोदाम के आसपास सड़क बनाए जाने का प्रस्ताव बनाकर भेजने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्टेशन को सभी सुविधाओं से लैस करते हुए आधुनिक रूप से विकसित करना है। ऐसे में किसी भी निर्माण कार्य में लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने बताया कि पिलखुवा में रेलवे कालोनी को विकसित करने का काम किया जा रहा है। हापुड़ स्टेशन पर वीआईपी रूम, यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय का निर्माण कार्य जारी है।
दरअसल, 15 दिन बाद उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक हापुड़ स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। पिछली बार अपने निरीक्षण में जीएम ने स्टेशन पर मौजूद कमियों को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए थे। उनके निरीक्षण से पहले कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।