नाबालिग बेटी के अपहरण की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक महिला ने एक युवक पर उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मोदीनगर रोड स्थित एक मोहल्ला निवासी एक महिला का आरोप है कि उसकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी को 11 दिसंबर की रात किसी युवक ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। इस पर युवती ने उक्त व्यक्ति का फोन काट परिजनों को इस बारे में बताया। अगले दिन भी युवक ने दोबारा फोन पर युवती के साथ अभद्रता करते उठाकर ले जाने की धमकी दी।
आरोप है कि 13 दिसंबर तड़के महिला की गैर मौजूदगी में उक्त युवक उसकी बेटी का अपहरण कर ले गया। पीड़िता ने बताया कि घर में रखे बीस हजार रुपये व सोने चांदी के आभूषण भी गायब हैं। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।