हापुड़। दिवाली से पहले जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार की देर रात दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए मिलावट की आशंका पर 28 क्विंटल पनीर और खोया पकड़कर नष्ट कराया। अमरोहा से दिल्ली ले जाए जा रहे करीब 12 क्विंटल पनीर को नेशनल हाईवे-09 और लालपुर में मकान में बनाए जा रहे करीब 16 क्विंटल खोया के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। दोनों की कीमत करीब 7.39 लाख रुपये आंकी गई है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि पिलखुवा में छिजारसी टोल प्लाजा के पास नेशनल हाईवे-09 पर महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोककर निरीक्षण किया गया। वाहन में 13 प्लास्टिक के ड्रमों में करीब 11 क्विंटल पनीर भरा हुआ था, जबकि वाहन की फर्श पर भी लगभग एक क्विंटल पनीर रखा मिला। इस तरह कुल 12 क्विंटल पनीर बरामद हुआ। सहायक आयुक्त ने बताया कि पनीर को अमरोहा जिले के थाना सैदनगली क्षेत्र के ग्राम हरियाणा से दिल्ली बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान पनीर को अखाद्य बर्फ के बीच अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा पाया गया। इसे गंदे औद्योगिक केमिकल ड्रमों में भरकर ऊपर से गंदे तिरपाल से ढका गया था। पनीर में खट्टापन और दुर्गंध भी आ रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को पनीर के खराब और मिलावटी होने का संदेह होने पर दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। कुल करीब 12 क्विंटल पनीर को जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार मिट्टी में दबवा दिया गया। विभाग के अनुसार नष्ट किए गए पनीर की कीमत 4,18,950 रुपये है।
वहीं, धौलाना थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में एक मकान में आकिल पुत्र खलील निवासी लालपुर खोया बना रहा था। टीम ने परिसर का निरीक्षण किया तो वहां रिफाइंड तेल के खाली कनस्तर और स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी) के खाली बोरे पड़े मिले। परिसर में जमीन पर खोया सूखता हुआ मिला, जबकि कुछ खोया परातों में भरा हुआ था। मौके पर कुल करीब 16 क्विंटल तैयार खोया भंडारित मिला। खोया को भी जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबवा दिया गया। खोया की कीमत करीब 3.20 लाख रुपये है। विभाग की टीम ने गुणवत्ता पर संदेह होने पर अलग-अलग परातों से चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। सहायक आयुक्त ने बताया कि सभी छह नमूनों की जांच रिपोर्ट प्रयोगशाला से आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोवेंद्र सिंह, आरपी गंगवार, विपिन कुमार सिंह, मोहित अहलावत और सहरिश सादात मौजूद रहे।
सेहत के लिए खतरनाक है दूषित पनीर और खोया
दूषित और अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार पनीर व खोया का सेवन लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। सीएचसी में तैनात डॉ. अशरफ ने बताया कि ऐसे खाद्य पदार्थों में हानिकारक बैक्टीरिया पनपने की आशंका रहती है। इनके सेवन से उल्टी, दस्त, पेट दर्द, फूड प्वाइजनिंग और संक्रमण की शिकायत हो सकती है। अधिक दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से शरीर में पानी की कमी और गंभीर संक्रमण का खतरा भी रहता है। बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों पर इसका अधिक असर पड़ सकता है।