हापुड़। गर्मियों में न सही शहर में हैंडपंप रिबोर का मुहूर्त आ गया है। नगर पालिका 2.60 करोड़ से शहर के सभी वार्डों में 250 हैंडपंप रिबोर कराएगी। इसके लिए नगर पालिका ने टेंडर जारी कर दिया है।
पालिका क्षेत्र के 41 वार्डों में करीब तीन हजार हैंडपंप लगे हुए हैं, इनमें से अधिकतर खराब पड़े हैं। खराब हैंडपंपों के कारण लोगों को कई बार पेयजल के लिए परेशान होना पड़ता है। गर्मियों की शुरूआत से ही इन हैंडपंपों को दुरुस्त करने की मांग उठ रही थी, लेकिन इन्हें सही कराने का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। अब गर्मियां बीत जाने के बाद नगर पालिका ने हैंडपंप रिबोर करने का टेंडर जारी किया है। इस कार्य पर करीब दो करोड़ साठ लाख रुपये खर्च होंगे।
2.52 करोड़ से जलाशयों की होगी सफाई और मरम्मत
पालिका के जलकल विभाग के 10 अवर जलाशय और चार भूमिगत जलाशय हैं। इन सभी अवर जलाशयों की सफाई व मरम्मत पर करीब 2.52 रुपये खर्च होंगे। पानी की टंकियों की सफाई न होने से दूषित पेयजल की आपूर्ति लोगों को होती है।
कोट -
शहर में खराब पड़े हैंडपंपों को रिबोर करने और जलाशयों की सफाई और मरम्मत करने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। जल्द ही यह कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - संजय मिश्रा, अधिशासी अधिकारी