हापुड़। मथुरा के ब्रज क्षेत्र में लगने वाले मुड़िया मेले में यात्रियों को राहत दिलाने के लिए हापुड़ डिपो से 25 बसें जाएंगी। ऐसे में एक सप्ताह तक यात्रियों को बसों की किल्लत के कारण परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
हापुड़ रोडवेज डिपो से लखनऊ, बरेली, सीतापुर, हरदोई, दिल्ली, नोएडा, किठौर, मोदीनगर सहित विभिन्न मार्गों पर 132 बसों का संचालन होता है। चालक और परिचालकों के अभाव में रोजाना ही करीब 20 बसों का संचालन प्रभावित रहता है। अब मथुरा में चार से 11 जुलाई तक लगने वाले मुड़िया मेले में डिपो की 25 बसें भेजी जानी है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह का कहना है कि डिपो में पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध हैं। प्रत्येक मार्ग पर बसों का नियमित संचालन जारी रहेगा। शासन से निर्देश मिलने के बाद अलग-अलग तिथियों में बसों को मुड़िया मेले के लिए रवाना कर दिया जाएगा।