शराब के नशे में धुत शिक्षकों ने लेखाकार को धुना
हापुड़। चितौली स्थित बीएसए कार्यालय में सर्व शिक्षा अभियान के लेखाकार को बृहस्पतिवार को शराब के नशे में धुत दो शिक्षकों ने जमकर पीटा। लेखाकार का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने 50 पेज की फोटो कॉपी कराने से इंकार कर दिया था। लेखाकार ने बीएसए और पुलिस में शिकायत कर, कार्रवाई की गुहार लगाई है।
लेखाकार अंकुर द्वारा बीएसए को सौंपे पत्र में बताया कि बृहस्पतिवार अपराह्न करीब सवा तीन बजे वह अपने कार्यालय में था, तभी कटीरा जाफराबाद स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक और प्राथमिक विद्यालय ढोलपुर के प्रधानाध्यापक वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों शिक्षक शराब के नशे में थे। आरोपियों ने करीब 50 पेज की फोटो कॉपी कराने का दबाव बनाया। पीड़ित द्वारा मना करने पर आरोपी शिक्षकों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। शोर मचाने पर एमडीएम डीसी जुनेद मलिक, कंप्यूटर ऑपरेट नितिन कुमार ने किसी तरह लेखाकार को बचाया।
आनन फानन में लेखाकार ने पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस के आने से पहले ही शिक्षक भाग निकलें। इस मामले में पीड़ित ने बीएसए को भी पत्र सौंपकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र गुप्ता का कहना है कि कार्यालय में इस तरह की कार्यप्रणाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच करा कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।