रोडरेज में बस चालक-क्लीनर ने मिनी ट्रक चालक को बंधक बनाया
गढ़मुक्तेश्वर। रोडरेज में बस चालक और क्लीनर ने मिनी ट्रक चालक को बंधक बनाकर मारपीट की। पुलिस ने आरोपी बस चालक और क्लीनर को हिरासत में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरेली निवासी अशकरी हैदर ने रविवार को सिंभावली थाने में तहरीर दी है, जिसका कहना है कि वह मिनी ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। वह दिल्ली में सामान उतारने के बाद बरेली वापस लौट रहा था। रास्ते में नेशनल हाइवे पर दिल्ली से जनपद अमरोहा के नौगांवा सादात को सवारी लेकर जा रही डग्गामार बस ने उसके मिनी ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिसके चलते डिवाइडर पर चढ़ने के कारण बस का टायर फट गया। जिसे लेकर बस के चालक और क्लीनर से उसे रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया और वैट मोड पर स्थित एक ढाबे पर ले जाकर मारपीट करते हुए उसे घायल कर दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने उसकी जेब में रखी नगदी भी निकाल ली। हंगामा होने पर आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाया।
पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसओ नीरज कुमार का कहना है कि हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।