आंधी से देहात अंचल में रातभर रहा ब्लैक आउट
हापुड़। देर रात चली तेज आंधी के कारण समूचे देहात अंचल में ब्लैक आउट रहा। विद्युत लाइन के तार आपस में टकराकर फाल्ट न हो, इस उद्देश्य से अफसरों ने बिजलीघरों को बंद करा दिया। सुबह आंधी का असर कम होते ही आपूर्ति बहाल कर दी गई।
बीते दिनों तेज आंधी के कारण ऊर्जा निगम को विद्युत पोल टूटने, लाइन में फाल्ट से करीब 60 लाख रुपये का नुकसान हो गया था। मंगलवार रात करीब 11 बजे तेज आंधी की दस्तक से निगम अफसरों ने बिजलीघरों को बंद करा दिया।
ऐसे में समूचे देहात अंचल की आपूर्ति गुल हो गई। इससे लोगों को रातभर मच्छरों के प्रकोप से परेशान होना पड़ा। सुबह करीब 6 बजे आंधी का प्रकोप कम होने के बाद निगम अफसरों ने बिजलीघरों को चालू करा दिया।
अधिशासी अभियंता सुनील कुमार का कहना है कि तेज आंधी के कारण फाल्ट आदि से लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए बिजलीघरों को बंद कराना पड़ा। आंधी समाप्त होते ही बिजलीघरों को चालू करा दिया गया था।