परिषदीय विद्यालयों में निखारी जाएगी छात्रों की खेल प्रतिभा
हापुड़। परिषदीय विद्यालयों में खेलों को बढ़ावा देने व संसाधनों की उपलब्धता को लेकर शनिवार को बीएसए कार्यालय पर डीसी ने खेल शिक्षकों के साथ बैठक की, साथ ही छात्रों की प्रतिभा निखारने के निर्देश दिए।
सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यालयों में खेलों को बढ़ावा देने का हर संभव प्रयास किया रहा है। संसाधन खरीद व छात्रों का उत्साहवर्धन के लिए सभी विद्यालयों के खातों में पैसा भी भेजा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों के संचालन के लिए जो दिशा निर्देश बेसिक विभाग द्वारा दिए गए हैं, उनका शत प्रतिशत अनुपालन कराया जाए। विद्यालय स्तर पर खेल सामग्री के क्रय हेतु एक समिति बनाई जाए। समिति में न्याय पंचायत स्तर पर खेल में रुचि रखने वाले शिक्षक व शिक्षिकाओं को शामिल किया जाए।
प्रत्येक बुधवार को विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं कराई जाएं, इसके बाद महीने के आखिरी शनिवार को न्याय पंचायत स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इस मौके पर मनप्रीत खैरा, जयश्री, आशा, रीता भाटी, सुबोध यादव, ललित, सुरेंद्र तोमर, कपिल देव, रजनी, विपिन चौहान, लक्ष्मी रानी आदि मौजूद रहीं।