गांव कनिया कल्याणपुर में गंदगी का अंबार
हापुड़। बाबूगढ़ थानाक्षेत्र के गांव कनिया कल्याणपुर के मुख्य रास्तों पर गंदगी व जलभराव से लोगों का जीना दूभर हो गया है। अधिकारियों से शिकायत के बाद भी सफाई कार्य न होने के कारण ग्रामीणों को राहत नहीं मिल पा रही है।
गांव कनिया कल्याणपुर करीब 7500 लोगों की आबादी वाला गांव हैं। लेकिन गांव में सिर्फ एक सफाई कर्मचारी तैनात है। पिछले काफी दिनों से गांव के विभिन्न स्थानों पर सफाई न होने के कारण रास्ते व नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। गंदगी के कारण नालियों से जल की निकासी नहीं हो पाती है और नालियों का गंदा पानी रास्तों पर भर जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी के कारण दुर्गंध में लोगों की जीना मुहाल हो गया है और लोगों में बीमारियां होने का भी खतरा बना रहता है। इस संबंध में ग्रामीण कई बार अधिकारियों से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्राम प्रधान हरी सिंह का कहना है कि समय समय पर गांव में सफाई कार्य कराया जाता है। जहां कहीं गांव में गंदगी फैली हैं, वहां सफाई कार्य सुचारु रूप से कराया जायेगा।