फीस वृद्धि को लेकर अभिभावकों का तीन घंटे हंगामा
हापुड़। फीस वृद्धि को लेकर मेरठ रोड स्थित दीवान पब्लिक स्कूल के अभिभावकों का गुस्सा शनिवार दोपहर फूट पड़ा। सुबह सैकड़ों की संख्या में एकत्र होकर स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया। अभिभावकों ने फीस वृद्धि के विरोध के साथ स्कूल में बच्चों को सुविधाएं न देने का आरोप लगाया। करीब तीन घंटों तक स्कूल में चले हंगामे के दौरान एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंच गए। नगर पालिका अध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत ने भी स्कूल पहुंचकर अभिभावकों का पक्ष रखा।
मेरठ रोड स्थित दीवान पब्लिक स्कूल द्वारा हाल ही में फीस वृद्धि की है। अभिभावकों द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए इसका विरोध किया जा रहा है। शनिवार सुबह इसी विरोध के चलते सैकड़ों अभिभावक स्कूल में पहुंचे और स्कूल प्रांगण में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि स्कूल द्वारा फीस में 20 प्रतिशत वृद्धि की गई है, जो गलत है। यह पूरी तरह से सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना है। अभिभावक मैनेजमेंट से बात करने की बात कह रहे थे। इसी दौरान स्कूल द्वारा हंगामे की सूचना पर एसडीएम सत्य प्रकाश, सीओ राजेश कुमार, कोतवाल महावीर सिंह चौहान व तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखकर अभिभावकों का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया और वे कालेज के गेट पर धरने पर बैठ गए।
इस दौरान हापुड़ पालिकाध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी अभिभावकों का पक्ष लेते हुए प्रबंध समिति के पदाधिकारियों को धरना स्थल पर बुलाने की मांग की। करीब तीन घंटे तक अभिभावकों का हंगामा चलता रहा। प्रधानाचार्य सुनीता बिदानी ने कहा कि सोमवार को मैनेेजमेंट, बीएसए, पालिकाध्यक्ष और अभिभावकों के एक प्रतिनिधिमंडल के बीच इस संबंध में बातचीत होगी। इसके बाद अभिभावक घर लौट गए।
एसएसआई ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को बताया झूठा
अभिभावकों द्वारा हंगामे के दौरान फीस वृद्धि के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देने पर एसएसआई ने सुप्रीम कोर्ट के समाचार पत्रों में प्रकाशित हुए आदेशों को झूठा करार दे दिया। इस पर अभिभावक भड़क गए और खूब खरी खोटी सुनाई। एसडीएम सत्यप्रकाश का कहना है कि सोमवार को अभिभावकों का एक प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों की मौजूदगी में प्रबंध समिति के साथ करेगा, जिसमें लोगों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।