खादर मेले में डुबकी लगा रहा नोएडा का युवक गंगा में डूबा
गढ़मुक्तेश्वर। खादर मेले में डुबकी लगा रहा नोएडा का युवक गंगा में डूब गया। एनडीआरएफ, पीएसी, रिवर्स पुलिस, मल्लाह और गोताखोर तलाश में जुटे हैं।
नोएडा के बादलपुर क्षेत्र निवासी गजराज का बेटा सुशील 32 साल शुक्रवार की तड़के कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व की डुबकी लगा रहा था। तेज बहाव के साथ वह गहरे पानी में पहुंचकर डूब गया। सुशील को डूबता देख परिजनों ने शोर मचाया, जिस पर एनडीआरएफ, पीएसी और रिवर्स पुलिस के गोताखोर तलाश के लिए हरकत में आ गए। लेकिन सुशील का कोई भी सुराग नहीं लग पाया।
महिला बच्चों समेत 50 लोगों को बचाया
खादर और ब्रजघाट मेले में कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व की डुबकी लगाने के दौरान अलग अलग स्थानों पर महिला बच्चों समेत दर्जनों लोग तेज बहाव के साथ गंगा के गहरे पानी में डूबने लगे। एनडीआरएफ, पीएसी, रिवर्स पुलिस, नाव चलाने वाले मल्लाह और निजी गोताखोरों ने गंगा में डूब रहे महिला बच्चों समेत 50 लोगों को सकुशल बचा लिया। खादर मेले में निशुल्क रूप से सेवा दे रहे नाविक दल के संयोजक डीपी निषाद ने बताया कि गंगा में डूबने की सर्वाधिक घटना मेरठ सेक्टर में हुई हैं, क्योंकि पिछले दिनों जलस्तर बढ़ने से किनारे पर भू-कटान होने से रेतीली ढांग बन गई थीं।