रोडरेज में मिनी ट्रक चालक ने कार चालक को किया घायल
गढ़मुक्तेश्वर। एक दूसरे से पहले निकलने की होड़ में साइड लगने को लेकर हुई कहासुनी में मिनी ट्रक चालक ने हमला कर कार चालक को घायल कर दिया।
मुरादाबाद निवासी संजय शर्मा शनिवार की दोपहर को किसी काम से मेरठ को जा रहा था। हाईवे से होकर जैसे ही वह स्याना रोड के रेलवे फाटक पर पहुंचा तो इसी दौरान ट्रेन गुजरने पर गेटमैन ने फाटक खोल दिया। जिस पर दोनों साइडों में खड़े वाहनों में एक दूसरे से पहले निकलने की होड़ लग गई, जिसमें पीछे से आ रहे एक मिनी ट्रक की साइड कार में लग गई, जिसका पता लगते ही संजय शर्मा कार से नीचे उतरकर विरोध जताने लगा, लेकिन मिनी ट्रक चालक सुखबीर ने गलती मानने की बजाए गाली गलौज करते हुए हमला कर संजय को घायल कर दिया। हालांकि कुछ ही देर में राहगीरों ने आपस में झगड़ रहे दोनों चालकों को समझाकर मामले को किसी भी कार्रवाई के बिना शांत करा दिया।