बुखार पीड़ित युवक की मौत, हंगामा
गढ़मुक्तेश्वर। बुखार से पीड़ित युवक की रविवार देर शाम एक निजी चिकित्सक की क्लीनिक में मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन देने का आरोप लगाते हुए क्लीनिक में शव रखकर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को संभाला। समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी थी।
गढ़ चौपला से जुड़े नक्का कुआं रोड पर एक निजी चिकित्सक की क्लीनिक में बुखार से पीड़ित युवक की मौत होने पर रविवार रात मृतक के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ जमकर हंगामा किया। मामले की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पूछताछ के दौरान गांव अठसैनी निवासी जाने आलम ने बताया कि उसका तीस वर्षीय बेटा अफसर तीन बच्चों का पिता था। बुखार होने पर रविवार शाम उसे गढ़ में निजी चिकित्सक की क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। बकौल आलम चिकित्सक ने लापरवाही करते हुए उसे गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिससे कुछ ही देर में उसकी तबियत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। देर शाम तक परिजन और ग्रामीण क्लीनिक में शव रखकर आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
इंस्पेक्टर एनके सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी है। अगर परिजन चिकित्सक के खिलाफ तहरीर देते हैं तो रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।