शिकायतों के निस्तारण में नगर पालिका के फर्जीवाड़े का खुलासा
हापुड़। सरकार के आईजीआरएस पोर्टल पर की गई शिकायतों के निस्तारण के संबंध में जिलाधिकारी अदिति सिंह के द्वारा समीक्षा की जाती है। डीएम ने शनिवार को औचक रूप से 32 शिकायतों के निस्तारणों की जांच की। डीएम व एडीएम जयनाथ यादव ने विद्युत विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, विकास विभाग, नगर पालिकाओं से संबंधित शिकायतों की जांच में पाया कि नगर पालिका हापुड़ के द्वारा दो शिकायतों के निस्तारण में सही से कार्रवाई नहीं की गई है। डीएम ने गंदगी से संबंधित शिकायत के निस्तारण पर मौके पर टीम भेजकर जांच कराई। इसमें बिना सफाई किए हुए ही रिपोर्ट प्रस्तुत करना पाया गया। ईओ को तुरंत सफाई के निर्देश जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीएम अदिति सिंह ने इस संबंध में दूसरे अधिकारियों को भी चेतावनी जारी की है।