पुलिस कस्टडी में परीक्षा देने पहुंचा छात्र नेता
हापुड़। दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कालेज में बुधवार को एलएलबी की सेमेस्टर परीक्षा देने के लिए कालेज का पूर्व छात्र नेता सनी त्यागी पुलिस की कस्टडी में परीक्षा केंद्र पर पहुंचा। इस दौरान छात्रों की भारी भीड़ कालेज के गेट पर जमा रही।
उल्लेखनीय है कि एसएसवी पीजी कालेज में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शेखर त्यागी और उसका भाई छात्रनेता सनी त्यागी ने बीते दिनों गांव सबली में एक युवक के साथ मारपीट कर दी थी। इसके आरोप में दोनों भाई हवालात में हैं। बुधवार को एसएसवी पीजी कालेज में एलएलबी की सेमेस्टर परीक्षा देने के लिए छात्र नेता सनी त्यागी पुलिस कस्टडी में परीक्षा केंद्र पर पहुंचा। हथकड़ी लगे छात्रनेता को देखने के लिए कालेज में छात्रों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसी तरह पुलिस ने छात्रों की भीड़ को वहां से अलग हटाया। सुबह दस से दोपहर एक बजे तक चली परीक्षा के बाद छात्र नेता कालेज से बाहर निकला, जिसे पुलिस फिर से जेल ले गई।
- परीक्षा में दो नकलची पकड़े
एसएसवी पीजी कालेज में बुधवार को कालेज के आंतरिक उड़न दस्ते ने एलएलबी और एम.कॉम की परीक्षा में छात्रों को पर्चियों के माध्यम से नकल करते पकड़ा। दोनों की रिपोर्ट सीसीएसयू भेज दी गई है।