अब 10 अक्तूबर तक रद्द रहेगी मुरादाबाद दिल्ली पैसेंजर
--अमृतसर से जयनगर जाने वाली शहीद एक्सप्रेस भी आज रद्द
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। रेलवे लाइन पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते यात्रियों को राहत नहीं मिल पा रही है। पिछले कई दिनों से रद्द चल रही मुरादाबाद दिल्ली पैसेंजर ट्रेन अब 10 अक्तूबर तक रद्द रहेगी। इसके साथ ही शहीद एक्सप्रेस का संचालन भी बृहस्पतिवार को बंद रहेगा।
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे लाइन मरम्मत कार्य चल रहा है। जिस कारण करीब आधा दर्जन ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। इसमें मुरादाबाद से दिल्ली के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन (54307) का भी संचालन बधित हो गया है।
लेकिन निर्धारित समय में भी मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो सका है। जिसके चलते मरम्मत कार्य की तिथि बढ़ा दी गई और ट्रेनों का संचालन भी बंद रहेगा। इसके चलते मुरादाबाद दिल्ली पैसेंजर ट्रेन अब 10 अक्टूबर तक नहीं चलेगी। इसके साथ ही अमृतसर से जयनगर को जाने वाली शहीद एक्सप्रेस भी बृहस्पतिवार को रद्द रहेगी।
स्टेशन अधीक्षक एमआर मीना का कहना है कि मुरादाबाद में रेलवे लाइन पर मरम्मत कार्य पूरा न होने के कारण दिल्ली मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन का संचालन अब 10 अक्तूबर तक के लिए बंद कर दिया गया है।