रक्षाबंधन पर रोडवेज बस चालकों को मिलेगा प्रोत्साहन राशि
- आठ दिन में 2400 किमी बस चलाने पर मिलेगा 1600 रुपये
- कार्यशाला कर्मचारियों को मिलेगा 666 रुपये का प्रोत्साहन
- एआरएम ने चालक परिचालक की छुट्टियां निरस्त
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़।
हर साल की तरह रक्षाबंधन पर बहनों को बेहतर बस सुविधा दिलाने के लिए हापुड़ डिपो की बसों में प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। आठ दिन में 2400 किमी गाड़ी चलाने वाले चालक/परिचालकों को 1600 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, वर्कशॉप में कार्यरत कर्मियों को 666 रुपये मिलेंगे। बस संचालन की व्यवस्था बनाए रखने के भी कड़े निर्देश दिए गए हैं।
हापुड़ डिपो से विभिन्न मार्गों पर 108 बसों का संचालन होता है। रक्षाबंधन पर बसों की किल्लत से अक्सर बहनों को परेशानी झेलनी पड़नी पड़ती है। इसके चलते रोडवेज बस प्रबंधन ने यह व्यवस्था की है।
बसों के बेहतर संचालन के लिए निगम अफसरों ने प्रोत्साहन योजना शुरू कर दी है। 5 से 11 अगस्त तक ड्यूटी करने जो चालक, परिचालकों 2400 किलोमीटर बस चलायेंगे, उन्हें 1600 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। वहीं वर्कशॉप में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा 8 दिन ड्यूटी किए जाने पर 666 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जायेगी।
बसों के बेहतर संचालन के लिए डिपो के अफसरों ने सभी कर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं, इतना ही नहीं बिना कारण बताए अनुपस्थित रहने वालों को सेवा समाप्ति की चेतावनी दी गई है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह ने बताया कि बहनों को रक्षाबंधन के दौरान परेशानी न हो, इसका पूरा इंतजाम कर लिया गया है, सभी कर्मियों को व्यवस्था बनाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।