जिला अस्पताल की ओपीडी चालू
हापुड़। दस्तोई रोड स्थित जिला अस्पताल में सीएमओ ने ओपीडी का शुभारंभ कर दिया। ओपीडी में पांच स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की तैनाती कर दी गई है। सोमवार को सिंभावली स्थित नवनिर्मित 30 बैड के सीएचसी का भी शुभारंभ हो जाएगा।
हापुड़ को जिला बने करीब सात वर्ष बीत चुके हैं। लेकिन अभी तक यहां जिला अस्पताल न होने के कारण मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती थी। लेकिन अब इस समस्या से राहत मिल गई है। क्योंकि दस्तोई रोड पर 100 बैड के जिला अस्पताल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है।
शनिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजवीर सिंह ने जिला अस्पताल में ओपीडी सेवा शुरू करा दी है। फिलहाल यह सेवा प्रथम तल पर शुरू की गई है। यहां चिकित्सा सुविधा को व्यवस्थित रखने के लिए एक फिजिशियन चिकित्सक, एक ऑर्थोपेडिक सर्जन, जनरल सर्जन, एक इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर व एक महिला चिकित्सक ऑफिसर को तैनात किया है। उन्होंने बताया कि सप्ताह के प्रथम सोमवार को जिला अस्पताल में ही दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे।
सीएमओ ने बताया कि अब यहां मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा सोमवार को सिंभावली स्थित 30 बैड की सीएचसी का भी शुभारंभ कर दिया जाएगा।