नहीं होगी एक दौड़ बाबा साहेब के नाम
हापुड़। शहर में डा. भीमराव आंबेडकर जयंती के मौके पर रविवार को प्रस्तावित एक दौड़ बाबा साहेब के नाम का आयोजन नहीं किया जाएगा। प्रशासन की ओर से इस संबंध में दोबारा आवेदन मांगने पर समिति के किसी पदाधिकारी द्वारा दिलचस्पी नहीं दिखाने पर पहले आवेदन को निरस्त कर दिया गया है।
शहर में डा. भीमराव आंबेडकर जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में हजारों की संख्या में लोग एक दौड़ बाबा साहेब के नाम का आयोजन प्रति वर्ष किया जाता है। इस बार इस दौड़ के लिए आवेदन समिति के पदाधिकारी रणजीत सिंह ने किया था, लेकिन दो अप्रैल को हुए बलवे के बाद शहर के हालात बदल गए। शहर की हालातों को देखते हुए पुलिस से मिली रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने इस संबंध में दोबारा आवेदन मांगा था। इसमें लोगों की संख्या और शपथ पत्र आदि की मांग की गई थी। इसके लिए शनिवार को दस बजे तक आवेदन का समय दिया गया था, लेकिन किसी पदाधिकारी ने नया आवेदन नहीं किया। उसके बाद पुराने आवेदन को निरस्त कर दिया गया। एडीएम रजनीश राय ने बताया कि समिति द्वारा दोबारा आवेदन नहीं किया गया। इस कारण पहले आवेदन को निरस्त कर दिया गया।
महिलाओं ने मांगी झांकी निकालने की अनुमति
शहर की महिलाओं ने कलक्ट्रेट पहुुंचकर डीएम से 14 अप्रैल को डा. भीमराव आंबेडकर जन्मोत्सव के उपलक्ष्य मेें झांकी निकालने की अनुमति मांगी। महिलाओं ने डीएम कार्यालय पर प्रार्थनापत्र देते हुए अनुमति मांगी कि वे इस उपलक्ष्य में झांकी निकालना चाहती हैं, लेकिन इस दौरान उपद्रवी तत्व झांकी की आड़ में उपद्रव पैदा कर सकते हैं। इसे देखते हुए महिलाओं ने झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र देने वालों में ललिता, कोमल, पूनम, कविता, सुनीता, अनीता, पूजा, अंगूरी देवी, कमला, ममता, प्राची, पायल, रिया आदि शामिल थी।