फोटो संख्या--9,10
मुदाफरा गांव में दूषित पानी ले रहा लोगों की जान
- डायरिया से एक सप्ताह में दो बच्चों की हो चुकी है मौत
- जिला पंचायत सदस्य ने किया गांव का निरीक्षण, सीएमओ को कराया अवगत
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। सिंभावली क्षेत्र के गांव मुदाफरा में तालाब का गंदा पानी लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। इससे गांव में संक्रामक रोग फैल रहे हैं। गांव में बीते एक सप्ताह में डायरिया से दो बच्चों की मौत हो चुकी है। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन मूकदर्शक बने बैठे हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर बुधवार को जिला पंचायत सदस्य ने गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमओ को मामले की सूचना दी है।
मुदाफरा गांव में तीन तालाब हैं। इनकी साफ-सफाई न होने के कारण गंदा पानी गांव में बह रहा है। बीते दिनों बरसात के कारण तालाब का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया था। अब भी मुख्य मार्गों पर दूषित पानी भरा हुआ है। इससे गांव में संक्रामक रोग फैल रहे हैं। बीते एक सप्ताह में 6 वर्षीय वंशित व राजपाल मिस्त्री के 9 वर्षीय पुत्र की डायरिया के कारण मौत हो चुकी है। वहीं घर-घर में मरीजों की भरमार है।
ग्रामीणों की शिकायत पर बुधवार को जिला पंचायत सदस्य कृष्णकांत हूण ने गांव का निरीक्षण कर बीमार बच्चों का हाल जाना। उन्होंने सीएमओ और जिला प्रशासन को गांव में फैल रही बीमारियों के बारे में बताया।
इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजवीर सिंह ने कहा कि गांव में टीम भेजकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कराई जाएगी। गंभीर मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया जाएगा, साथ ही कैंप लगाकर लोगों को निशुल्क दवा भी उपलब्ध करायी जाएगी।