किसके सर सजेगा ताज, फैसला आज
- हापुड़, पिलखुवा व बाबूगढ़ नगर पंचायत की मतगणना हापुड़ नई मंडी में, जबकि गढ़ की महेंद्र सिंह डिग्री कालेज में सुबह आठ बजे से होगी मतगणना
-मतगणना को लेकर प्रशासन ने दिया तैयारियों को अंतिम रूप, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। पिछले कई दिनों से गहमागहमी के बाद शुक्रवार को फैसला हो जाएगा कि नगर निकाय चुनाव में जीत का ताज किसके सिर सजेगा। मतगणना के बाद दोपहर तक विजेताओं के नामों की घोषणा कर दी जाएंगी। मतगणना को लेकर प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली है।
जिले की तीन नगर पालिका और एक नगर पंचायत अध्यक्ष पद के 51 व 101 सदस्य पदों के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला शुक्रवार को हो जाएगा। हापुड़, पिलखुवा नगर पालिका और बाबूगढ़ नगर पंचायत के प्रत्याशियों की मतगणना नई मंडी परिसर जबकि गढ़ नगर पालिका से संबंधित प्रत्याशियों की मतगणना गढ़ में ही महेंद्र सिंह डिग्री कालेज में सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू होगी।
बृहस्पतिवार को प्रशासनिक अधिकारी चुनाव की तैयारियों में जुटे रहे। एसडीएम डा. अजय कुमार श्रीवास्तव, एएसपी राममोहन सिंह व सीओ राजेश कुमार ने मंडी परिसर में तैयारियों का जायजा लेते हुए कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए। एएसपी राममोहन सिंह ने सुरक्षा में तैनात जवानों को ब्रीफ किया।
शांति व्यवस्था को तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट
मतगणना को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने मतगणना स्थल के अंदर व बाहर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र सिंह आउटर कार्डन पर एनएच-बाईपास से गढ़ दिल्ली रोड की ओर तैनात रहेंगे। इसके अलावा जिला कृषि अधिकारी शिव कुमार मंडी परिसर के गेट नंबर तीन के पास तैनात रहेंगे।
डिप्टी कलेक्टर सत्यप्रकाश नवीन मंडी के अंदर इनर कार्डन की संपूर्ण व्यवस्था के प्रभारी रहेंगे। जिला कृषि रक्षा अधिकारी सतीश मलिक गेट नंबर एक तैनात रहेंगे। भूमि संरक्षण अधिकारी सुरेंद्र सिंह गेट नंबर दो पर तैनात रहेंगे। इसके अलावा सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक भी गेट नंबर तीन पर तैनात रहेंगे।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध
मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। एसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि नवीन मंडी परिसर में दो सीओ, छह थाना प्रभारी, 35 उपनिरीक्षक, 320 कांस्टेबल व एक कंपनी सीआरपीएफ की तैनात रहेगी। जबकि गढ़ में महेंद्र सिंह डिग्री कालेज में एक सीओ, तीन थाना प्रभारी, 13 उपनिरीक्षक, 86 कांस्टेबल सहित पीएसी व होमगार्ड के जवान भी तैनात रहेंगे।
पहली बार ऑनलाइन बनेंगे जीत के प्रमाण पत्र
चुनाव के बाद विजेता को पहली बार ऑनलाइन जीत का प्रमाण पत्र मिलेगा। वोटिंग के बाद मतगणना का परिणाम तुरंत ऑनलाइन निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। इसके अलावा विजेता प्रत्याशी के मोबाइल पर जीत का एसएमएस आएगा।