श्रीकृष्णजन्माष्टमी पर देहात में ब्लैक आउट
- जसरूपनगर, धीरखेड़ा बिजलीघर से जुड़े गांवों में रात 12 बजे के बाद बहाल हुई आपूर्ति
- श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी का करना पर सामना, विद्युत विभाग की लापरवाही से रोष
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी के मौके पर देहात अंचल में ब्लैक आउट रहा। अपराह्न 3 बजे से गुल हुई देहात की विद्युत आपूर्ति देर रात 12 बजे के बाद बहाल हुई। ऐसे में श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी में रातभर परेशान होना पड़ा। निगम अफसर ऊपर से कटौती की बात कह पल्ला झाड़ने में लगे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर को 24 घंटे और देहात को 20 घंटे तक बिजली आपूर्ति देने की घोषणा की थी लेकिन इन दिनों देहात में बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई है। विभाग की ओर से शेड्यूल की धज्जियां उड़ाई जा रही है। आलम यह है कि आपूर्ति आने और जाने का कोई निश्चित समय तय नहीं है। मंगलवार को देशभर में स्वतंत्रता दिवस व जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जा रहा था। लेकिन देहात में बिजली की अघोषित कटौती ने लोगों को परेशानी में डाल दिया। देहात की आपूर्ति अपराह्न तीन बजे गुल हो गई, घंटों इंतजार के बाद भी आपूर्ति बहाल न होने पर लोगों ने बिजलीघरों पर फोन लगाना शुरू कर दिया। लेकिन कंट्रोल से कटौती की बात सुन ग्रामीणों को मायूस होना पड़ा। कुल मिलाकर लोगों को भीषण गर्मी में बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधिशासी अभियंता सचिन कुमार का कहना है कि जितनी आपूर्ति कंट्रोल से मिल रही है, देहात को उतनी आपूर्ति दी जा रही है। ग्रामीणों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
..............................................................
फोटो संख्या:दो नंबर
चार घंटे छह मोहल्लों की बत्ती रही गुल, प्रदर्शन
गांधी बाजार के लोगों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर जताया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
भीषण गर्मी में बुधवार दोपहर शहर के छह मोहल्लों में चार घंटे विद्युत कट लग जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों ने घरों के बाहर गलियों में बैठकर समय बिताया। इस दौरान गांधी बाजार के लोगों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध भी जताया। बुधवार दोपहर 12 बजे शहर के मोहल्ला पुरा, धोबी चौक, मठमलियान, कृष्णगंज, गढ़ी, गांधी बाजार की बिजली गायब हो गई। बिजली गायब होते ही लोग आग बबूला हो गए। इस दौरान लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। बिजली के आपात कट से आक्रोशित गांधी बाजार के लोगों ने विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने बताया कि बिजली का कभी भी कट लग जाता है। प्रदर्शन करने में सोनू, ओमप्रकाश, सलीम, मनोज, ज्ञानी, अर्जुन, विवेक, शरद, विकास, नरेंद्र शामिल रहे। उधर, अधिशासी अभियंता ने बताया कि फाल्ट के कारण बिजली की दिक्कत हो गई थी जो बाद में ठीक कर सप्लाई चालू करा दी गई थी।