रातभर गुल रही देहात की बिजली
- कंट्रोल से कटौती की बात कह, पल्ला झाड़ते रहे अफसर
- रातभर गर्मी से जूझे लोग, सुबह तक बनी रही यही समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। देहात अंचल की बिजली आपूर्ति इस कदर बेपटरी हुई कि लोग रातभर मच्छरों से जूझते रहे। शनिवार को रातभर अधिकांश देहात अंचल की आपूर्ति गुल रही। रविवार दोपहर तक यही स्थिति बनी रही। निगम अफसरों की अनदेखी से लोगों में जबरदस्त रोष दिखा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देहात अंचल को 20 घंटे बिजली आपूर्ति दिलाने के निर्देश दिए हैं। लेकिन निगम अफसरों मुख्यमंत्री के निर्देशों को ठेंगा दिखा रहे हैं, आलम यह है देहात अंचल की बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई है।
शनिवार रातभर जसरूपनगर, किल्हौड़ा, मोदीनगर रोड, उबारपुर, बाबूगढ़ बिजलीघर से जुड़े गांवों में आपूर्ति काफी हद तक प्रभावित रही। लोगों को भीषण गर्मी में मच्छरों से जूझना पड़ा। रविवार को भी लगभग यही हालात रहे, ट्रिपिंग के कारण आपूर्ति आती जाती रही, ऐसे में लोगों को काफी परेशान होना पड़ा।
अधिशासी अभियंता सचिन कुमार का कहना है कि कंट्रोल से जितनी आपूर्ति मिली, देहात अंचल को दी गई। कम आपूर्ति देने के संबंध में वह बिजलीघरों पर तैनात कर्मियों से वार्ता करेंगे।
पांच घंटे बंद रहा प्रीत विहार बिजलीघर
-हजारों लोगों को भीषण गर्मी से हुई परेशानी
-हाईटेंशन लाइन को दुरुस्त करने के उद्देश्य से बंद रखा गया बिजलीघर
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। हाईटेंशन लाइन की दुरस्तीकरण कार्य के कारण रविवार को पांच घंटे तक प्रीत विहार बिजलीघर से जुड़े हजारों घरों की बत्ती गुल रही। लोगों को भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रीत विहार बिजलीघर से दिल्ली रोड, चमरी, अच्छैजा, पूठा हुसैनपुर को बिजली आपूर्ति दी जाती है। रविवार सुबह 7 बजे से विद्युत लाइन के दुरस्तीकरण का कार्य शुरू किया गया। ऐसे में बिजलीघर को बंद कर दिया गया जिससे हजारों घरों की आपूर्ति बाधित हो गई।
दोपहर करीब 12 बजे लाइन को दुरुस्त कर बिजलीघर को चालू कराया गया, तब लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि भविष्य में लोगों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए यह कार्य किया गया था।
अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि आए दिन लाइन में फाल्ट से लोगों को काफी परेशान होना पड़ता था, जिसे दुरुस्त करा दिया गया है। अब लोगों को भविष्य में फाल्ट आदि से परेशानी नहीं होगी।